लातेहार
सावधान: सड़कों पर टेंपो लगाया तो कटेगा चालान


लातेहार। टेंपो चालक अगर सड़कों पर अपनी टेंपो लगाते हैं तो उनका चालान काटा जायेगा. नगर पंचायत ने सड़क सुरक्षा और जाम की स्थिति से निपटने के लिए यह सख्त कदम उठाया है. अब टेंपो चालकों को अपनी टेंपो नगर पंचायत के द्वारा बनाये गये टेंपो स्टैंड में ही लगाना होगा. नगर प्रबंधक राजकुमार वर्मा ने बताया कि नगर पंचायत, लातेहार क्षेत्र के तहत आए दिन सड़क पर अनावश्यक रूप से खड़ी टेंपो के कारण अक्सर सड़क जाम लगता है. सड़क में आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. उन्होने बताया कि सड़कों पर ही टेंपो चालकों के द्वारा यात्री को चढ़ाने व उतारने के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है. श्री वर्मा ने बताया कि लातेहार शहरके नगर पंचायत कार्यालय रोड (थाना के सामने ) और रेलवे स्टेशन क्षेत्र के नवरंग चौक के पास दो टेंपो स्टैंड है. उन्होने सभी टेंपो चालकों से अपनी टेंपो सड़क में अनाधिकृत रूप से खड़ी नही कर टेंपो स्टैंड में ही खड़ा करने का आग्रह किया है. कहा कि अगर सड़कों पर टेंपो खड़ी पायी जाती है तो टेंपो का चालान काटा जाएगा.
