लातेहार। शहर के कारगिल पार्क केे पास अवस्थित श्री वैष्णव दुर्गा मंदिर के सचिव आशीष टैगोर ने मंदिर के सामने से 11 हजार वोल्ट के तारों को हटाने की मांग जिला प्रशासन से की है. श्री टैगोर ने कहा कि मंदिर के सामने ही 11 हजार वोल्ट का तार गुजरा है, इस कारण प्रत्येक वर्ष दुर्गा पूजा की सजावट में मंदिर समिति को परेशानी होती है. हमेशा जानमाल के नुकसान का भय रहता है. इस वर्ष तो टेंट हाउस के कर्मियों ने काम करने से इंकार कर दिया. टैगोर ने बताया कि पहले भी यह मांग की जा चुकी है और पिछली सात अक्टूबर को नगर भवन में आयोजित बैठक में भी उन्होने तारों को हटाने या दुर्गा पूजा के दौरान कम से कम तारों में पीवीसी कवर कराने की मांग की थी. बैठक में विद्युत विभाग के नव पदस्थापित कनीय अभियंता भी मौजूद थे. शुक्रवार को श्री टैगोर ने नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राजीव रंजन से इस संबंध में बात की. श्री रंजन ने बताया कि उन्होने जिला स्तरीय बैठक में इससे अवगत कराया है. उन्होने कहा कि इसे ले कर वे विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को पत्राचार कर तारो को हटाने या फिर पीवीसी कवर कराने का आग्रह करेेेेेगें.