लातेहार थाना में शांति समिति की बैठक, दुर्गा पूजा समितियों को शपथ पत्र जमा करने का निर्देश
पूजा समितियों को कार्यक्रम, विसर्जन, वॉलिंटियर्स और सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित देनी होगी पूरी जानकारी
लातेहार। दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर लातेहार थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में दुर्गा पूजा समितियों के अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष एवं अन्य सदस्यों को पूजा के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों और सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.बैठक में सभी पूजा समितियों के अध्यक्ष एवं सचिव को शपथ पत्र का निर्धारित फॉर्म उपलब्ध कराते हुए उसमें मांगी गई सभी जानकारियां भरकर समय पर जमा करने का निर्देश दिया गया. शपथ पत्र में पूजा समिति का नाम, अध्यक्ष एवं सचिव का नाम, वॉलिंटियर्स की संख्या तथा पूजा के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का विस्तृत विवरण देना अनिवार्य होगा.इसके अलावा प्रतिमा विसर्जन की तिथि एवं समय, विसर्जन वाहन के चालक का नाम और मोबाइल नंबर, साउंड सिस्टम के धारक का नाम एवं मोबाइल नंबर सहित अग्निशमन की व्यवस्था से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध करानी होगी. बैठक में अधिकारियों ने पूजा समितियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर शपथ पत्र जमा करने तथा सभी आवश्यक जानकारियां स्पष्ट रूप से दर्ज करने की अपील की, ताकि दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन को बेहतर ढंग से सुनिश्चित किया जा सके. बैठक में अंचल अधिकारी नंदकुमार राम, थाना प्रभारी अशोक पासवान, पुलिस अवर निरीक्षक रमाकांत गुप्ता एवं नगर पंचायत के धीरेंद्र कुमार के अलावा विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष एवं सदस्य भी बैठक में शामिल थे.