लातेहार। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) की एक बैठक डीही पंचायत में आयोजित की गयी. बैठक में क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं पर विचार विमर्श किया गया. क्षेत्र मे कोयला परिवहन से होने वाले प्रदूषण, ओवरलोडिंग, सड़क दुर्घटनाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार तथा गरीबों और वंचित वर्गों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार पूर्वक चर्चा की गई. बैठक में एआईएमआईएम के विधानसभा प्रभारी श्रवण पासवान, डॉ.मुफती मोहसिन, आज़म अमजदी, प्रखंड अध्यक्ष आदि शामिल थे. लोगों ने क्षेत्र की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुँचाने और उनके समाधान के लिए लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से आवाज़ उठाने पर जोर दिया. बैठक में कोयला परिवहन के कारण उड़ने वाली धूल, भारी वाहनों की आवाजाही, स्कूल के बच्चों की सुरक्षा, सड़क दुर्घटनाओं और प्रभावित परिवारों को मुआवजा मिलने में होने वाली परेशानियों पर विशेष चिंता व्यक्त की गई. बैठक में पार्टी एवं कमेटी के संगठनात्मक विस्तार को लेकर आगामी दिनों में एक और बैठक आयोजित करने पर चर्चा हुई. बैठक में मौलाना नज़ीरुल कादरी, मनीर अंसारी, फतहुल्ला, कय्यूब, अमीन, अब्दुल्ला, इजाज, मोहसिन सहित अनेक स्थानीय लोग भी मौजूद रहे.