लातेहार। विश्व पृथ्वी दिवस के मौके पर दामोदर घाटी निगम (DVC) के तुबेद कोयला खान, लातेहार के तत्वावधान में विशेष कार्यक्रम का आयोजन उत्क्रमित मध्य विद्यालय में किया गया. यह कार्यक्रम कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत यह आयोजन किया गया. इस वर्ष पृथ्वी दिवस की थीम “Our Power, Our Planet” है. इसके तहत पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग एवं जलवायु संतुलन के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया. कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों के बीच पेंटिंग और क्विज प्रतियोगिता के अलावा पेपर क्राफ्ट गतिविधि एवं पर्यावरण संरक्षण शपथ का आयोजन किया गया. बच्चों ने इसमें उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से प्रकृति संरक्षण का संदेश प्रस्तुत किया. विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए चित्रों में वृक्षारोपण, जल संरक्षण, स्वच्छता एवं हरित पर्यावरण के प्रति जागरूकता स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई. इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में प्रेरित किया तथा दैनिक जीवन में छोटे-छोटे प्रयासों के माध्यम से पृथ्वी को सुरक्षित रखने का संकल्प दिलाया. कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों को शिक्षण सामग्री एवं प्रोत्साहन पुरस्कार वितरित किए गए. कार्यक्रम में सभी ने मिलकर पर्यावरण की रक्षा हेतु निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया.