लातेहार। स्थानीय परिसदन भवन में मनरेगा कर्मियों ने (रोजगार सेवक) अपनी समस्याओं को ले कर मनिका विधायक रामचंद्र सिंह को एक ज्ञापन सौंपा. जिला अध्यक्ष मेराजुल हक और सचिव उमा शंकर गुप्ता के नेतृत्व में रोजगार सेवकों ने ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में रोजगार सेवकों ने बताया कि विभिन्न मांगों को ले कर रोजगार सेवक हड़ताल में है. प्रमुख मांगों में पे ग्रेड आधारित वेतन, स्थाई संयोजन, सामाजिक सुरक्षा और दिवंगत मनरेगा कर्मियों के परिजनों को मुआवजा और नौकरी देना शामिल है.ज्ञापन में उन्होंने कहा कि सरकार उनकी मांगों पर संज्ञान ले कर रोजगार सेवकों की मांग पूरी करें. रोजगार सेवकों ने कहा कि वे पूरी निष्ठा से सुदूरवर्ती इलाकों में मनरेगा की योजना को क्रियान्वित करने के लिए कार्य करते हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों की अनदेखी कर रही है. इससे पहले भी मांगो को ले कर प्रदर्शन हो चुके है. रोजगार सेवकों ने विधायक रामचन्द्र सिंह रोजगार सेवकों की मांगों को पूरा कराने की दिशा में पहल करने और मुख्यमंत्री की संज्ञान में मामला को लाने की अपील की. इस पर विधायक सिंह ने कहा कि सरकार उनकी मांगों को ले कर गंभीर है. उन्होंने मुख्यमंत्री को समस्याओं से अवगत कराने और हर संभव मदद करने की बात कही. मौके पर विधायक प्रतिनिधि हरिशंकर यादव, कांग्रेस युवा अध्यक्ष अमित यादव आदि मौजूद थे.