लातेहार। समाहरणालय के सभागार में मंगलवार को उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-II के अंतर्गत संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गयी. बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न ग्रामीण पेयजलापूर्ति योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई. विशेष रूप से बरवाडीह बहु ग्रामीण जलापूर्ति योजना एवं नेतरहाट ग्रामीण जलापूर्ति योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को दोनों योजनाओं के कार्यों में तेजी लाते हुए उन्हें शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया. उपायुक्त द्वारा निर्देश दिया गया कि जिले के सभी विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों एवं स्वास्थ्य संस्थानों का सर्वे कराया जाए तथा वहां पेयजल की उपलब्धता एवं कार्यशीलता की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाए. जिन संस्थानों में पेयजल की सुविधा उपलब्ध नहीं है अथवा उपलब्ध सुविधा पर्याप्त या कार्यशील नहीं है, वहां आवश्यकता के अनुसार पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए. इसके लिए संबंधित कनीय अभियंता, प्रखंड समन्वयक एवं जल गुणवत्ता से संबंधित कर्मियों को क्षेत्र भ्रमण कर संस्थानवार स्थिति का सर्वे एवं सत्यापन करने तथा आवश्यकतानुसार प्रतिवेदित करने का निर्देश दिया गया. बैठक में हर घर नल से जल के लक्ष्य को प्राप्त करने, निर्माणाधीन योजनाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने, पूर्ण योजनाओं के सुचारू संचालन एवं रख-रखाव तथा ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजलापूर्ति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया. बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सविता कुमारी, जिला कृषि पदाधिकारी नेहा निश्च, जिला शिक्षा पदाधिकारी गौतम कुमार साहू, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल दीपक महतो आदि शामिल थे.