लातेहार। चतरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण सिंह के प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है. इसी क्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष सह जिला सांसद प्रतिनिधि राकेश दुबे एवं भाजपा जिला मंत्री मुकेश पाण्डेय के द्वारा बरवाडीह प्रखंड क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत छह सड़कों के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया. प्रमुख सड़कों में मंडल कैनाल रोड, पुटुवागढ़ से खार, हिंदेहास से मुर्गीडीह, पनवाई तथा चुंगरू सहित अन्य ग्रामीण सड़कें शामिल हैं. इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, व्यापार और रोजगार के अवसरों तक पहुंच आसान होने की उम्मीद है. भाजपा जिला उपाध्यक्ष सह जिला सांसद प्रतिनिधि राकेश कुमार दुबे ने चतरा सांसद कालीचरण सिंह के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सांसद जी ने क्षेत्र की जनता से जो वादे किए हैं, उन्हें धरातल पर उतारने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है. भाजपा जिला मंत्री मुकेश पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार गांव, गरीब, किसान और वंचित वर्गों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है. प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण कड़ी है, जिसके माध्यम से गांवों को बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है. मौेके पर सांसद प्रतिनिधि सह जिला परिषद सदस्य कन्हाई सिंह, मनिका मंडल अध्यक्ष मनदीप प्रसाद, सांसद प्रतिनिधि दीपक तिवारी, भाजपा नेत्री रुपाली देवी, रेखा पाठक, विवेक सिंह, विनय चंदेल, दिलीप पासवान एवं सतीश सहित अन्य कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे.