लातेहार। जिले में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं एवं दुर्घटनाओं में हो रही जान-माल की क्षति को गंभीरता से लेते हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के जिला प्रवक्ता सुशील कुमार यादव ने लातेहार के पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को ज्ञापन सौंपकर सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण एवं यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है. ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने कहा कि जिले में आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें कई लोगों की जान चली जाती है और अनेक लोग गंभीर रूप से घायल होकर जीवनभर के लिए अपंग हो जाते हैं. सड़क दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण यातायात नियमों की अनदेखी, तेज रफ्तार, बिना हेलमेट बाइक चलाना, बिना सीट बेल्ट चारपहिया वाहन चलाना तथा नाबालिग बच्चों द्वारा वाहन चलाना है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि जिले के सभी प्रमुख चौक-चौराहों, मुख्य सड़कों, बाजारों, स्कूलों एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जाए. दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य कराया जाए तथा चारपहिया वाहन चालकों एवं उसमें बैठे यात्रियों को सीट बेल्ट का उपयोग सुनिश्चित कराया जाए. सुशील कुमार यादव ने विशेष रूप से मांग की कि 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को किसी भी परिस्थिति में बाइक, कार अथवा अन्य मोटर वाहन चलाने की अनुमति नहीं दी जाए. अभिभावकों को भी जागरूक किया जाए कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए न दें. नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए. उन्होंने कहा कि कई वाहन चालक सड़कों पर अत्यधिक तेज गति से वाहन चलाते हैं, जिससे आम राहगीरों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों एवं अन्य वाहन चालकों की जान खतरे में पड़ जाती है. बाइक एवं चारपहिया वाहनों की तेज रफ्तार, लापरवाही से ओवरटेक करना तथा सड़क पर अनावश्यक स्टंट करना दुर्घटनाओं को आमंत्रित करता है। ऐसे वाहन चालकों पर पुलिस प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए. उन्होंने विद्यालयों, कॉलेजों, पंचायतों एवं सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को यातायात नियमों की जानकारी देने की मांग की. यादव ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का विषय नहीं, बल्कि मानव जीवन की रक्षा का सवाल है. प्रशासन एवं आम जनता के सामूहिक प्रयास से ही जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है.