महुआडांड़ (लातेहार) प्रखंड अंतर्गत झारखंड का सबसे ऊंचा जलप्रपात लोध फॉल इन दिनों भारी बारिश के कारण पूरे शबाब पर है। जलप्रपात का जलस्तर बढ़ने से बड़ी संख्या में पर्यटक लोध फॉल पहुंच रहे हैं। पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग ने एहतियाती कदम उठाया है। उप निदेशक, पलामू व्याघ्र परियोजना दक्षिणी प्रमंडल के आदेश पर भारी बारिश और बढ़े जलस्तर को देखते हुए लोध फॉल में बने लकड़ी के ब्रिज पर पर्यटकों के जाने पर अगले आदेश तक रोक लगा दी गई है। वन विभाग की ओर से मौके पर सुरक्षा संबंधी साइन बोर्ड भी लगाया गया है। निर्देश का पालन नहीं करने पर 1000 रुपए का आर्थिक दंड एवं कानूनी करवाई की बात कही गई है। वन विभाग के इस निर्णय का उद्देश्य जलप्रपात में बढ़े जलप्रवाह के बीच किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकना है। हालांकि, लोध फॉल की खूबसूरती देखने के लिए पर्यटकों की भीड़ लगातार पहुंच रही है। विभाग ने पर्यटकों से सुरक्षा निर्देशों का पालन करने और प्रतिबंधित क्षेत्र में नहीं जाने की अपील की है।