झारखंड
श्रावण माह के अंतिम सोमवारी में शिवालयों में लगी श्रद्धालुओं की कतार
प्राचीन शिव मंदिर में भंडारा का किया गया आयोजन

लातेहार। श्रावण माह के अंतिम सोमवारी को जिले के विभिन्न शिव मंदिर व शिवालयों मे श्रद्धालुओं की कतार देखी गयी. अहले सुबह से ही विभिन्न शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया एवं अपने व परिवार के सुख शांति की कामना की. शहर के बाजारटांड़ स्थित प्राचीन शिव मंदिर में प्रात: से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी थी. यहां प्रात: चार बजे से ही पूजा अर्चना प्रारंभ हो गयी थी. पुजारी मनोज दास शर्मा व दिलीप शर्मा के सानिध्य में पूजा अर्चना संपन्न करायी गयी.
यहां मंदिर समिति के द्वारा भंडारा का आयोजन किया. मौके पर शनि मंदिर के अध्यक्ष निर्मल कुमार महलका, विनोद कुमार अग्रवाल, विजय प्रसाद गुप्ता, सुभाष प्रसाद, अनिल प्रसाद समेंत मंदिर समिति के कई सदस्य सक्रिय थे. इसके अलावा सोमेश्वर शिव मंदिर लघु सिंचाई विभाग, जुबली चौक, पंचमुखी हनुमान मंदिर, राजहार, बिजली आफिस व मंडल कारा स्थित शिव मंदिरों मे काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया. रेलवे स्टेशन क्षेत्र के बाजारटांड़ स्थित श्री सोमेश्वर शिव मंदिर में भी भक्तों ने भगवान शिव को जल अपर्ण किये.
अंतिम सोमवारी को को कई श्रद्धालुओं ने औरंगा नदी एवं दुमुहान स्थित नदी से कांवरों में जल भर कर दुमुहान एवं मानिकडीह स्थित शिव मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक किया. इसमें महिलाओं की संख्या खासी थी. महिलाओं ने पूरे रास्ते में बोल बम के जयघोष किये. अंतिम सोमवार को बरवाडीह के पहाड़ी शिव मंदिर एवं बरवाडीह बाजार स्थित पंचमुखी शिव मंदिर में लोगों ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया. छिपादोहर शिव मंदिर, लाभर शिव मंदिर में भी बाबा भोलेनाथ पर जलाभिषेक के लिए भक्तों का तांता लगा रहा.



