बालूमाथ (लातेहार)। पड़ोसी जिला चतरा जिले के टंडवा स्थित एनटीपीसी नॉर्थ कर्णपुरा परियोजना में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया. निर्माणाधीन एक्सटर्नल सीएचपी के कोल कन्वेयर बेल्ट पर काम के दौरान टेकअप ट्रॉली गिरने से तीन मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई. जबकि दो अन्य मजदूर घायल हो गए. हादसा कोल कन्वेयर बेल्ट के जंक्शन नंबर-1 पर हुआ. घटना के बाद परियोजना परिसर में अफरा-तफरी मच गई. प्राप्त जानकारी के अनुसार कोल कन्वेयर बेल्ट पर निर्माण कार्य के दौरान अचानक टेकअप ट्रॉली गिर गई. जिसकी चपेट में वहां काम कर रहे मजदूर आ गए. हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों में टंडवा निवासी राजेंद्र सोनी उर्फ राजू की पहचान हुई है. बताया जाता है, कि वह वर्ष 2019 से संबंधित कंपनी में कार्यरत थे. अन्य मृतकों की पहचान की जानकारी सामने आनी बाकी है. चतरा के पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि ट्रॉली गिरने से तीन मजदूरों की मौत हुई है. जबकि दो मजदूर घायल हुए हैं. इधर, एनटीपीसी नॉर्थ कर्णपुरा के जनसंपर्क अधिकारी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है, कि निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट पर हुई इस दुर्घटना में मेसर्स सिम्प्लेक्स इंफ्रास्ट्रक्चर्स लिमिटेड एवं मेसर्स थिसेनक्रुप के अंतर्गत कार्यरत तीन श्रमिकों की मृत्यु हुई है. दो श्रमिक घायल हुए हैं. घायलों को आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है. एनटीपीसी ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत श्रमिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की है, और शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना जताई है. कंपनी ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता एवं सहयोग देने की प्रतिबद्धता भी जताई है. साथ ही दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू करने और आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है. घटना के बाद परियोजना में कार्यरत मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था और निर्माण कार्य के दौरान अपनाए जा रहे सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं.