लातेहार। महुआडांड़ प्रखंड के कई दुकानों में शुक्रवार को छापामारी कर प्रतिबंधित दवाइयों की बिक्री की जांच की गयी. ड्रग्स इंस्पेक्टर पूनम तिर्की के नेतृत्व में ड्रग्स विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की. टीम ने शहर के प्रसाद मेडिकल, राजश्री मेडिकल व किरण मेडिकल समेंत कई दुकानों में छापामारी कर प्रतिबंधित दवाइयों की जांच की गयी. इस दौरान कई दुकानों से दवाइयों के सैंपल उठाये गये. ड्रग्स इंस्पेक्टर पूनम तिर्की ने बताया कि दवाइयों को जांच के लिए लैब भेजा जायेगा. छापामारी टीम ने दुकानों के लाइसेंस, दवाओं के स्टॉक रजिस्टर, बिलिंग रिकॉर्ड समेत अन्य कई आवश्यक दस्तावेजों की जांच की. अधिकारियों ने मेडिकल दुकानदारों को किसी भी परिस्थिति में प्रतिबंधित या नशीली दवाइयों की बिक्री नहीं करने की हिदायत दी. कहा कि ऐसा करते पाये जाने पर दुकानदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.