अपहरण व हत्या मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग निरुद्ध
गुमशुदा नाबालिग का कंकाल बरामद
लातेहार। महज एक मोबाइल के लिए एक नाबालिग की हत्या कर दी गई. पहले उसका अपहरण किया गया और जब उसने मोबाइल देने से इनकार कर दिया तो उसकी हत्या कर दी गई. घटना जिले के मनिका थाना क्षेत्र की है. पुलिस ने इस अपहरण और हत्या कांड का खुलासा कर दिया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 16 वर्षीय इस नाबालिग के अपहरण एवं हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जबकि एक नाबालिग आरोपी को निरुद्ध किया है. जानकारी के अनुसार पिछले 22 अगस्त को मनिका के कृष्णा प्रसाद के द्वारा उनके 16 वर्षीय पुत्र का 15 अगस्त को अपहरण कर लिए जाने लिखित शिकायत पर मनिका थाना कांड संख्या 71/2026 दर्ज की गई थी. मामले के उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्रदीप कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई. पुलिस ने मानवीय और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार एवं एक नाबालिग को निरुद्ध किया. गिरफ्तार आरोपियों में प्रेमचंद भुईयां (19) और शिवम भुईयां उर्फ शिवम कुमार उर्फ श्याम (20) तथा एक निरुद्ध किया गया नाबालिग है. सभी मनिका थाना क्षेत्र के रहने वाले है. आरोपियों ने पुलिस के समक्ष जो कुछ भी स्वीकार किया वह बेहद चौंकाने और अफसोसनाक है. आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने उस नाबालिग को बहला-फुसलाकर मोबाइल छीनने के लिए अपने साथ लिया था. जब उसने विरोध किया तो उसे कुमंडीह के बंशी नाला जंगल ले गए और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. शव वहां छिपा कर भाग गए. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर गुमशुदा नाबालिग का कंकाल बरामद किया. इसके अलावा स्कूल ड्रेस एवं चप्पल, मोबाइल तथा घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल बरामद किया है. सभी मनिका थाना क्षेत्र के निवासी है. गिरफ्तार और निरुद्ध आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है. छापामारी में डीएसपी प्रदीप कुमार, थाना प्रभारी विक्रांत कुमार उपाध्याय, अनुसंधानकर्ता अवनीश कुमार सहित पुअनि पिंटू कुमार, सुमित कुमार, सअनि अरविंद कुमार, राजेश कुमार, मिश्रा मांझी और रवि कुमार समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.