लातेहार। औरंगा नदी स्थित मुख्य छठ घाट पर छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर श्री सूर्यनारायण पूजा समिति द्वारा व्यापक स्तर पर व्यवस्था की जा रही है. इसी क्रम में छठ घाट जाने वाले रास्ते पर बैरिकेडिंग की गई है. घाट की सजावट एवं अन्य तैयारियों को व्यवस्थित तरीके से पूरा करने के उद्देश्य से इस मार्ग पर दो और चारपहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है. इस संबंध में श्री सूर्यनारायण पूजा समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि औरंगा नदी से रेलवे स्टेशन अथवा आसपास के क्षेत्रों की ओर जाने वाले दो और चारपहिया वाहन स्टेशन रोड में घाट मोड़ से थोड़ी दूर आगे पेट्रोल पंप के पास से बनाई गई वैकल्पिक रास्ते से नदी किनारे होते हुए पुल के उपर चढ़ कर अपने गंतव्य तक जा सकते हैं. दूसरी ओर से आने वाले दो और चारपहिया वाहन औरंगा नदी पुल से नीचे उतरकर पुल के पिलर के नीचे से दाईं ओर मुड़ते हुए पेट्रोल पंप के पास निकल सकते हैं. उन्होंने वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है. अध्यक्ष ने बताया कि समिति द्वारा छठ महापर्व को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं. छठ घाट परिसर में आकर्षक विद्युत सजावट के साथ-साथ तोरण द्वार भी लगाए जा रहे हैं. श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने शहरवासियों से व्यवस्था बनाए रखने में समिति को सहयोग करने की अपील की है.