लातेहार। नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के 32 वीं बटालियन के तत्वावधान में बुधवार से मारोमार कैंप में 26 दिवसीय सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ मारोमार वार्ड सदस्य मारोमार ख्रिस्टिना कुमारी दीप प्रज्जवलित कर किया. उन्होने इस कार्यक्रम की सराहना की और कहा कि ऐसे कार्यक्रमों में युवतियों को आत्मर्निभर होने का मौका मिलेगा. उन्होने इसे ग्रामीण युवतियों के लिए अत्यंत उपयोगी, व्यावहारिक एवं रोजगारोन्मुखी पहल बताया. मौके पर कमाडेंट राजेश कुमार सिंह ने बताया कि भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा नक्सल व वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित क्षेत्रों में निवासरत गरीब, जरूरतमंद एवं पिछड़े वर्ग के नागरिकों को आर्थिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से “नागरिक कल्याण कार्यक्रम” चलाया जाता है. इसके तहत प्रतिवर्ष व्यावसायिक प्रशिक्षण, कौशल विकास कार्यक्रम, मानव एवं पशु चिकित्सा शिविरों का आयोजन तथा आवश्यक सामग्री का वितरण किया जाता है. उन्होने बताया कि इस प्रशिक्षण में जिले के गारू प्रखंड के सुरकुमी, मारोमार, नवाटोली, मिरचैईया एवं बंदुआ तथा गोरया सहित आसपास के क्षेत्रों की 32 महिला प्रतिभागी भाग ले रही हैं. कमांडेंट ने बताया कि सिलाई प्रशिक्षण घरेलू कार्यों के साथ-साथ स्वरोजगार सृजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है. यह प्रशिक्षण प्रतिभागियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में सहायक सिद्ध होगा.