महुआडांड़ (लातेहार)। संत तेरेसा कन्या मध्य विद्यालय, महुआडांड़ में गुरुवार को संत तेरेसा विद्यालय दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रबंधक-सचिव सह प्रधानाध्यापिका सिस्टर सविता एवं छात्र प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. इसके बाद संत तेरेसा की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया गया. विद्यालय दिवस के अवसर पर बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. छोटे बच्चों के लिए चित्रांकन प्रतियोगिता, बिस्कुट दौड़, तीन पैर की दौड़, मेंढक दौड़ एवं कछुआ दौड़ कराई गई. प्रतियोगिताओं में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. बड़ी बच्चियों के लिए शहर भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में बच्चों में काफी उत्साह और खुशी का माहौल रहा. शिक्षकों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया.मौके पर विद्यालय की प्रबंधक-सचिव सह प्रधानाध्यापिका सिस्टर सविता, सिस्टर संजिता, सिस्टर विनीता, अमित सर, प्रीतम सर समेत विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे.