लातेहार। जिले के मनिका और बारियातू थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए तीन नाबालिग समेत कुल चार लोगों को गिरफ्तार कर बुधवार को जेल भेज दिया है. बारियातू थाना क्षेत्र में राहुल सिंह गैंग द्वारा संचालित गोलीबारी मामले में पुलिस ने तीन नाबालिगों को गिरफ्तार किया है. बताया गया कि 11 मई को बारियातू थाना क्षेत्र के चुंबा बिरबिर गांव स्थित स्टोन माइंस के हाईवा व ऑफिस पर गोलीबारी की गई थी. घटना की जिम्मेदारी राहुल सिंह गैंग ने सोशल मीडिया के माध्यम से ली थी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल तीन नाबालिगों को गिरफ्तार किया. तीनों की उम्र 16 से 17 वर्ष बताई जा रही है. गिरफ्तार नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है. मनिका थाना क्षेत्र के बंधुआ पंचायत के चूल्हटवा गांव के युवक की पीट-पीटकर हत्या मामले में पुलिस ने पिता समेत तीन पुत्रों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में सगुनी राम और उनके पुत्र दरोगा राम, अखिलेश राम तथा छोटू राम शामिल हैं. सभी बंदुआ पंचायत के बहेराटांड़ के रहने वाले हैं. मनिका थाना प्रभारी प्रभात दास ने बताया कि 45 वर्षीय शिबू राम की लाठी-डंडे से पिटाई की गई थी, जिसके बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी. पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.