लातेहार
सात आइएएस परीक्ष्यमान पदाधिकारियों ने डीसी, एसपी व डीडीसी से मुलाकात की


लातेहार। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) 2025 बैच (प्रथम चरण) के सात परीक्ष्यमान पदाधिकारियों ने सोमवार को उपायुक्त संदीप कुमार व पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव व उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद से शिष्टाचार मुलाकात की. उपायुक्त ने सभी प्रशिक्षु पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए उन्हें प्रशासनिक सेवा के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया. उपायुक्त श्री कुमार ने अधिकारियों को प्रशासनिक सेवा के दौरान जनहित, संवेदनशीलता और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने संदेश दिया. कहा कि प्रशिक्षण काल में प्राप्त अनुभव भविष्य में बेहतर प्रशासनिक निर्णय लेने में सहायक सिद्ध होंगे. उपायुक्त ने कहा कि किसी भी अधिकारी के लिए क्षेत्रीय भ्रमण और जमीनी स्तर की समझ अत्यंत महत्वपूर्ण होती है.
उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों को आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनने तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने की सलाह दी. लातेहार जिले की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक विरासत से भी उन्हें अवगत कराया. उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, उनके प्रभावी क्रियान्वयन, प्रशासनिक प्रक्रियाओं तथा जिले में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी भी दी. प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षु अधिकारी बेतला राष्ट्रीय उद्यान, लोध जलप्रपात, पलामू किला तथा नेतरहाट का भ्रमण कर वहां की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विशेषताओं की जानकारी प्राप्त करेंगे. मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी दिनेश कुमार, गोपनीय पदाधिकारी श्रेयांस, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चन्दन व जिला खेल पदाधिकारी अभिनेष त्रिपाठी एवं अन्य मौजूद थें.
