लातेहार। झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति महेश शरदचंद्र सोनक ने शनिवार को लातेहार स्थित व्यवहार न्यायालय का निरीक्षण किया. इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी और उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल भी उपस्थित थे. निरीक्षण के दौरान मुख्य न्यायाधीश ने न्यायिक कामकाज का अवलोकन किया. उन्होने विभिन्न न्यायालयों का भ्रमण कर न्यायिक कार्यवाहियों को देखा और मामलों के त्वरित निस्तारण का निर्देश दिया. उन्होंने परिसर में स्वच्छता अभियान और उपलब्ध सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया. कोर्ट परिसर में बेहतर वातावरण सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए. मुख्य न्यायाधीश जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कार्यालय भी पहुंचे, वहां उन्होंने गरीबों और जरूरतमंदों को मिलने वाली कानूनी सहायता और प्राधिकार द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा की. मुख्य न्यायाधीश ने जिला अधिवक्ता संघ के कार्यालय में जाकर स्थानीय अधिवक्ताओं से मुलाकात की. लातेहार आगमन पर जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष लाल अरविंद नाथ शाहदेव और सचिव संजय कुमार ने उन्हें बुके भेंट किया. उन्होंने अधिवक्ताओं की समस्याओं को सुना और न्याय वितरण प्रणाली में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर चर्चा की. इस अवसर पर जिले के न्यायिक अधिकारी और प्रशासनिक अमला भी उपस्थित रहा. मुख्य न्यायाधीश ने न्याय प्रशासन को और अधिक पारदर्शी और सुलभ बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई.