लातेहार
उपायुक्त ने योजनाओं को समय पर पूरा करने का दिया निर्देश
जेएसएलपीएस की बैठक में डीसी ने दिया कई आवश्यक दिशा निर्देश


लातेहार। उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में गुरूवार को समाहरणालय सभागार में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक का आयोजन किया गया. बैठक में स्वयं सहायता समूहों (SHG) के गठन, ग्राम संगठन एवं संकुल स्तरीय संघों की स्थिति, महिला सशक्तिकरण, बैंक लिंकेज, रिवॉल्विंग फंड, सामुदायिक निवेश निधि, कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार सृजन से संबंधित कार्यों की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा कर उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता है, ऐसे में योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी. उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ते हुए उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जाए.
उन्होंने कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा आजीविका के साधनों का विस्तार होगा. उपायुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि जेएसएलपीएस के अंतर्गत संचालित सभी गतिविधियों में लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि प्राप्त करना संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है. जिन डोमेन में उपलब्धि कम है, उन पर विशेष ध्यान देते हुए समन्वय के साथ कार्य किया जाए तथा अगले मासिक समीक्षा बैठक तक सभी लंबित लक्ष्यों को 100 प्रतिशत पूर्ण किया जाए. उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर नियमित मॉनिटरिंग करने, क्षेत्र भ्रमण बढ़ाने तथा जमीनी स्तर पर कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.बैठक में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जेएसएलपीएस संतोष कुमार, आरसेटी व एलडीएम के प्रतिनिधि व प्रखड कार्यक्रम प्रबंधक आदि मौजूद थे. 