झारखंड
संस्कृति उत्सव में लोक आस्था का महान पर्व छठ की दिखी छटा

लातेहार। सरस्वती विद्या मंदिर, लातेहार में शुक्रवार को दीपावली एवं छठ महापर्व को ले कर संस्कृति उत्सव का आयोजन किया गया. इसका शुभारंभ विद्यालय प्रबंधन समिति के राजीव रंजन पांडेय, मातृभारती अध्यक्ष ऋतु रानी पांडेय, प्रधानाचार्य उत्तम कुमार मुखर्जी व मौके पर पत्रकारों ने संयुक्त रूप से किया. कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का परिचय विद्यालय के आचार्य कपिल देव प्रमाणिक के द्वारा किया गया. इसके बाद पश्चात कक्षा दो की छात्राओं ने सामूहिक छठ गीत की मनमोहक प्रस्तुति दी.
कार्यक्रम का विषय प्रवेश विद्यालय के प्रधानाचार्य उत्तम कुमार मुखर्जी ने कराया. उन्होंने दीपावली एवं छठ महापर्व के सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय पर्व-त्योहार हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के परिचायक हैं. इनके माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं, संस्कारों और जीवन मूल्यों से जोड़ने का अवसर मिलता है. मातृभारती अध्यक्ष ऋतु रानी पांडेय ने छठ महापर्व की पौराणिक एवं सांस्कृतिक महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला. कक्षा 10 के छात्र अभयांश ने एकल गीत की प्रस्तुति दी. कक्षा आठ की छात्राओं ने ‘नहाय खाए कार्यक्रम के तहत सुंदर प्रस्तुति देकर दर्शकों की सराहना प्राप्त की. कक्षा नौ की छात्राओं ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से खरना की तैयारियों एवं छठ महापर्व की परंपराओं को जीवंत रूप में चित्रित किया.
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण कक्षा सात, आठ व नौ की छात्राओं के द्वारा भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने की आकर्षक प्रस्तुति रही. पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीतों एवं भावपूर्ण अभिनय के माध्यम से बहनों ने छठ महापर्व की पवित्रता, लोकआस्था और सामाजिक समरसता का सुंदर दृश्य प्रस्तुत किया। इन प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया. धन्यवाद ज्ञापन आचार्या सृष्टि कुमारी ने की. मौके पर विद्यालय के कई शिक्षक, छात्र व छात्रायें मौजूद थे.





