लातेहार। एक जून को जिले के बालूमाथ के नॉर्थ धाधू कोल ब्लॉक के लिए झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के द्वारा पर्यावरणीय स्वीकृति के लिए लोक जनसुनवाई का आयोजन किया जा रहा है. यह कोल ब्लॉक एनटीपीसी कंपनी को आवंटित किया गया है. बालुमाथ प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में आयोजित इस शिविर में अपर समाहर्ता सलमान जफर खिजरी, प्रदूषर्ण नियंत्रण पर्षद के क्षेत्रीय पदाधिकारी समीर कुमार बड़ाइक व एचओ प्रियंंका कुमारी के अलावा बालुमाथ प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमा उरांव, अंचल अधिकारी बालेश्वर राम व थाना प्रभारी अमीत कुमार के अलावा एनटीपीसी के अधिकारी मौजूद हैं. प्रखंड परिसर में पंडाल भी लगाये गये हैं, लेकिन प्रभावित गांवों के ग्रामीण पंडाल में नहीं बैठ कर प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर गेट पर में इस जनसुनवाई के विरोध में अपने हाथों मे तख्तियां ले कर नारेबाजी कर रहे हैं.
हालांकि प्रशासन व झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के अधिकारी ग्रामीणों को समझाने का भरसक प्रयास कर रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि इस जनसुनवाई से गेरेंजा, भैंसादोन, पिंडरकॉम, मारंगलोईया और बिशनपुर गांव सीधे प्रभावित होंगे. यहां के ग्रामीण विस्थापन के कगार आ जायेगें. उन्होने कहा कि जल जंगल जमीन पर ग्रामीणों का अधिकार है. आरोप लगाया कि एनटीपीसी कंपनी सुनियोजित तरीके से जनसुनवाई विस्थापित क्षेत्र के बजाय प्रखंड एवं अंचल कार्यालय में आयोजित कर रही है. ताकि प्रभावित लोगों की भागीदारी सीमित रह सके. बता दें कि इससे पूर्व भी ग्रामीण उपायुक्त, लातेहार को आवेदन सौंप कर जन सुनवाई को रद् कराने की मांग कर चुके हैं. जन सुनवाई के विरोध में ग्रामीणों ने कई चरण की बैठकें की है और विरोध में सड़क जाम तक कर चुके हैं.