बालूमाथ (लातेहार)। प्रखंड मुख्यालय स्थित चट्टी टोला के स्व शंकर श्रीवास्तव के 24 वर्षीय पुत्र चंदन कुमार ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. चंदन अपने माता पिता का इकलौता पुत्र था. वह अपने चाचा के साथ रह रहा था. परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की रात सामान्य अवस्था में सोने के लिए गया. रविवार की सुबह जब देर तक नहीं निकला तो परिजनों को उसकी चिंता होने लगी. परिजन छत फांदकर उसके कमरे तक पहुंचे. युवक को फंदे में झूलता हुआ पाया. आनन फानन में उसे लेकर परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे. जहां चिकित्सक ने जांचोपरांत युवक को मृत घोषित कर दिया. युवक की मौत की सूचना पर परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है. युवक की फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की सूचना पा कर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में कर अंत्यपरीक्षण के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया है. थाना प्रभारी अनुभव सिंहा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. युवक की आत्महत्या की कोई सपष्ट कारण का पता नहीं चल पाया है.