अपराध
पुलिस ने 14 एकड़ वन भूमि पर लगी अफीम की फसल को नष्ट किया

लातेहार। पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रो में अफीम की खेती करने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस इन दिनों लगातार अभियान चला कर अवैध रूप से की गयी अफीम की खेती को नष्ट कर रही है. मंगलवार को जिले के हेरहंज थाना क्षेत्र के इचाक व जांचो ग्राम के बीच वन क्षेत्र वाली करीब 14 एकड़ भूमि पर लगी अफीम की खेती को ट्रैक्टर से रौंद कर नष्ट किया गया है.

बता कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर लगातार यह अभियान चलाया जा रहा है. ग्रामीणों को अफीम की खेती के बारे में होने वाली नुकसान के बारे में बताया जा रहा है. उन्होने अफीम की खेती नहीं करने की अपील की जा रही है. उन्हें बताया जा रहा है कि अवैध रूप से अफीम की खेती करना एक दंडनीय अपराध है और इसमें सजा का प्रावधान है. नुक्कड़ नाटकों के द्वारा भी ग्रामीण क्षेत्रों में अफीम की खेती नहीं करने के लिए ग्रामीणों को सजग और जागरूक किया जा रहा है. मुखिया एवं अन्य जन प्रतिनिधियों से भी ग्रामीणों को जागरूक करने एवं अगर कहीं अफीम की खेती की जा रही है तो इसकी सूचना पुलिस को देने की अपील की गयी है.




