लातेहार। झारखंड राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष पर वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा नगर पंचायत क्षेत्र के तपा पहाड़ की तराई में तपोवन लातेहार का उद्घाटन 27 जनवरी को किया गया. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची से ऑनलाइन से तपोवन का लोकार्पण किया. जबकि चतरा लोकसभा के सांसद कालीचरण सिंह ने योजना स्थल पर फीता काटकर तपोवन पार्क का विधिवत उद्घाटन किया.
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद कालीचरण सिंह ने कहा कि तपोवन पार्क शहरवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात है. उन्होंने आम लोगों से अपील की कि हम सबों की जिम्मेदारी है कि इस पार्क को साफ-सुथरा, स्वच्छ और सुंदर बनाए रखें. यह पार्क न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक होगा, बल्कि लोगों को स्वास्थ्यवर्धक वातावरण भी प्रदान करेगा. मौके पर परितोष उपाध्याय (प्रधान मुख्य वन संरक्षक, वन्यप्राणी एवं मुख्य वन्यप्राणी प्रतिपालक, झारखंड), यतीन्द्र कुमार दास (उप प्रधान मुख्य वन संरक्षक, विकास, झारखंड), एस. आर. नटेश (क्षेत्रीय मुख्य वन संरक्षक, पलामू), उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता, वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रवेश अग्रवाल, वन प्रमंडल पदाधिकारी रौशन कुमार पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव व वन क्षेत्र पदाधिकारी नंद कुमार महतो आदि मौजूद थे.