लातेहार। वार्ड नंबर 11 के पार्षद संतोष रंजन नगर पंचायत, लातेहार के उपाध्यक्ष चुन लिये गये हैं. उन्होने अपने प्रतिद्वंदि गुड़िया सिन्हो को तीन मतों के अंतर से हराया. श्री रंजन को नौ और श्रीमती सिन्हा को छह मत मिले. बता दें कि 14 मार्च को उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने नव निर्वाचित नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह व अन्य निर्वाचित वार्ड पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी. इसी दिन नगर पंचायत उपाध्यक्ष के लिए चुनाव भी कराया गया. समाहरणालय के सभागार में आयोजित इस चयन में नगर पंचायत उपाध्यक्ष के लिए दो वार्ड पार्षदों ने अपना नामांकन किया था. इनमें वार्ड नंबर 11 के वार्ड पाषर्द संतोष रंजन और वार्ड नंबर 15 की वार्ड पार्षद गुड़िया सिन्हा शामिल थी. अपर समाहर्ता सह नोडल पदाधिकारी रामारवि दास ने संतोष रंजन को प्रमाण पत्र प्रदान किया और उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी. इस अवसर पर अंचलाधिकारी नंदकुमार राम भी मौजूद थे. नगर पंचायत उपाध्यक्ष चुने जाने के बाद समाहरणालय परिसर में ही भाजपा नेता व अन्य समर्थकों ने श्री रंजन का माल्यापर्ण कर स्वागत किया. इसके बाद नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह व नगर पंचायत उपाध्यक्ष संतोष रंजन ने आभार यात्रा निकाली. लोगों ने उन्हें अबीर गुलाल लगा कर शुभकामनायें दी. बता दे कि संतोष रंजन व्यवहार न्यायालय लातेहार में बतौर अधिवक्ता कार्यरत हैं और लगातार चौथी बार वार्ड पार्षद का चुनाव जीता है.