लातेहार: नहाय खाय के साथ ही लोक आस्था का महान चैती छठ पूजा रविवार से प्रारंभ हो गया. इस मौके पर छठ व्रतियों ने ने स्नान कर कदू-भात का प्रसाद बना कर ग्रहण किया. इसके साथ ही 36 घंटे की निर्जला उपवास शुरू हो गया. सोमवार को खीर भोजन का आयोजन किया जायेगा. मंगलवार को अस्ताचलगामी एवं बुधवार को उदयीमान सूर्य को अर्ध्य दी जायेगी. छठ पूजा को लेकर न सिर्फ शहरी वरन ग्रामीण क्षेत्रों में खासा उत्साह देखा जा रहा है. शहर के गली चौक चौराहों के दुकान एवं प्रतिष्ठानों में छठ मैया के गीत बज रहे हैं. सूर्यनारायण पूजा समिति ने छठ व्रतियों के लिए औरंगा नदी छठ घाट में इस वर्ष भी विशेष व्यवस्था की है. समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि इस वर्ष भी औरंगा नदी में ध्वनि और प्रकाश की व्यवस्था की गयी है. नदी में स्थायी स्नानागार बनाये गये हैं. साफ सफाई कार्य पहले ही शुरू कर दिया गया है. इसके अलावा शहर के गिजनियाटांड़, बानुपर, करकट व रेलवे स्टेशन आदि क्षेत्रों में भी चैती छठ पूजा की तैयारी रही है.