लातेहार। जिला मुख्यालय से सटे जोगनाटांड़ में शहीद नीलांबर-पीतांबर प्रतिमा स्थल परिसर में 28 मार्च को अमर शहीद नीलांबर-पीतांबर का शहादत दिवस मनाया गया. मौके पर बतौर मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री बैद्यनाथ राम व मनिका विधायक रामचंद्र सिंह मौजूद थे. कार्यक्रम की अध्यक्षता जानकी सिंह ने किया. मौके पर पूर्व मंत्री ने कहा कि देश की आजादी के लिए इन दोनो भाईयों ने जो बलिदान दिया है, उसे भुलाया नहीं जा सकता है. दोनों वीर भाइयों ने ना केवल शोषण के खिलाफ क्रांति का बिगुल फूंका बल्कि देश की आजादी के लिए अंग्रेजों से लड़ाई लड़ी. विधायक रामचंद्र सिंह ने कहा कि नीलांबर व पीतांबर ने 1857 के सिपाही विद्रोह काल में अंग्रेजों के विरुद्ध पीपुल्स वॉर सैन्य संगठन बनाकर इन्होंने गोरिल्ला युद्ध किया था. नीलांबर-पीतांबर आजादी के महानायक हैं. नीलांबर-पीतांबर ने देश की आजादी के लिए अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया. इससे पहले अखिल झारखंड खरवार आदिवासी विकास परिषद ने अतिथियों को सम्मानित किया. कार्यक्रम का शुभारंभ प्रात: आठ बजे वेदी पूजन से किया गया. अतिथियों ने शहीद नीलांबर-पीतांबर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. बैगा दशरथ सिंह ने पूजा-अर्चना कराई. मौके पर जवाहर अग्रवाल, राजधनी प्रसाद यादव, जिप सदस्य विनोद उरांव, मनिका विधायक प्रतिनिधि हरिशंकर यादव, आफताब आलम, अमीत यादव, फूलचंद यादव, कोमल सिंह खरवार, जीतेश्वर सिंह खरवान, कोमल कौशल, मनंत कुमार सिंह, डा उदय सिंह, बिरसा मुंडा, इंद्रदेव सिंह खरवार, सीता देवी, सुशीला देवी, रघुपाल सिंह, रामदेव सिंह, कामेश्वर सिंह व प्रदीप सिंह आदि मौजूद थे.