बालूमाथ (लातेहार)।बालूमाथ प्रखंड के धांधू पंचायत अंतर्गत भैसादोन गांव में मंगलवार को उस समय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया, जब धाधू नॉर्थ कोल परियोजना से जुड़ी एनएलसी कंपनी के अधिकारी एवं कर्मचारी बिना पूर्व सूचना के गांव पहुंचे और सिमराही बांध के आसपास क्षेत्र का निरीक्षण करने लगे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कंपनी के प्रतिनिधि आधा दर्जन से अधिक वाहनों में सवार होकर गांव पहुंचे थे और विभिन्न स्थानों का अवलोकन कर रहे थे. कंपनी अधिकारियों के गांव पहुंचने की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान बिहारी यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण स्थल की ओर रवाना हुए ग्रामीणों के पहुंचने की जानकारी मिलते ही कंपनी के अधिकारी एवं कर्मचारी जल्दबाजी में वाहनों में सवार होकर वहां से निकल गए. इस घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी और बढ़ गई. ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी ने न तो ग्राम प्रधान को सूचना दी और न ही ग्रामसभा से किसी प्रकार की अनुमति प्राप्त की. उनका कहना है कि भविष्य में किसी भी प्रकार के सर्वेक्षण, खनन या परियोजना संबंधी गतिविधि से पहले ग्रामसभा की सहमति लेना अनिवार्य होना चाहिए. ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कर यह स्पष्ट करने की मांग की है कि कंपनी के अधिकारी किस उद्देश्य से गांव पहुंचे थे.