लातेहार। वॉलेंट्री ब्लड डॉनर एसोसिएशन लातेहार के जिला संयोजक एवं विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष श्याम किशोर अग्रवाल ने अपने जीवन का 48 वां रक्तदान कर मानवता की सेवा में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है. श्री अग्रवाल ने मंगलवार को समाहरणालय परिसर में जिला प्रशासन के तत्वावधान में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में दुर्लभ ओ नेगेटिव ग्रुप का रक्तदान किया. श्याम किशोर अग्रवाल पिछले 12 सालों से नियमित रक्तदान कर रहे है. जब भी किसी मरीज को रक्त की आवश्यकता होती है, विशेषकर दुर्लभ रक्त समूह की, तब लोगों को सबसे पहले श्याम किशोर अग्रवाल की याद आती है. उनका 48वां रक्तदान केवल एक संख्या नहीं, बल्कि 48 बार किसी अनजान चेहरे की मुस्कान, 48 परिवारों की उम्मीद और 48 बार मानवता की जीत की कहानी है. हर बार रक्तदान के साथ उन्होंने यह साबित किया है कि समाज सेवा केवल मंचों और भाषणों तक सीमित नहीं होती, बल्कि किसी की जिंदगी बचाने के लिए आगे बढ़े हाथ ही सच्ची सेवा का परिचय देते हैं.आज जब युवाओं में रक्तदान को लेकर जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है, तब श्याम किशोर अग्रवाल जैसे लोग जीवंत उदाहरण बनकर सामने आते हैं. उनका जीवन संदेश देता है कि एक यूनिट रक्त किसी के लिए जीवन और मृत्यु के बीच का अंतर बन सकता है.