लातेहार। मुहर्रम ताजिया जुलूस की निर्धारित तिथि में किए गए बदलाव को लेकर लातेहार शहर की विभिन्न ताजिया कमेटियों ने थाना प्रभारी को आवेदन सौंपकर नाराजगी जताई है.
आवेदन में कहा गया है कि शहर क्षेत्र के सभी मुस्लिम समुदायों द्वारा 26 जून 2026 को मोहर्रम ताजिया जुलूस 27 जून को निकालने हेतु अनुमति के लिए आवेदन दिया गया था. कमेटियों का आरोप है कि पहले निर्धारित तिथि 27 जून के लिए आवेदन देने के बावजूद 26 जून को जुलूस निकालने की अनुमति जारी कर दी गई है.
जबकि वर्षों से करकट, अमवाटीकर, मोंगर, केड़, बरियातू और गोवा क्षेत्र की ताजिया कमेटियां एक दिन बाद लातेहार शहर में पारंपरिक रूप से जुलूस निकालती रही हैं. ताजिया कमेटियों ने थाना प्रभारी से मांग की है कि 26 जून की अनुमति को निरस्त कर 27 जून को जुलूस निकालने की अनुमति प्रदान की जाए. आवेदन में यह भी कहा गया है कि यदि निर्धारित तिथि पर अनुमति नहीं दी जाती है तो सभी संबंधित कमेटियां मोहर्रम जुलूस नहीं निकालेंगी. इस मौके पर जनरल खलीफा अयूब अंसारी करकट मोजवार साबिर अंसारी, अमवाटीकर के शैदुल खान, तैयब अंसारी, मो अलीम अंसारी, रहीशा बीबी, बरियातू मोंगर आलम अंसारी समेत और भी अखाड़ा के सदर मौजूद थे.