बालूमाथ (लातेहार):- बालूमाथ प्रखंड मुख्यालय स्थित राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय में बुधवार को विद्यालय प्रबंधन एवं विकास समिति के पुनर्गठन के उद्देश्य से बैठक का आयोजन किया गया. बैठक में सर्वसम्मति से ज्ञान्ती देवी को समिति का अध्यक्ष तथा शमशेर सिंह को उपाध्यक्ष चुना गया. इसके साथ ही विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए पच्चीस सदस्यों को भी चुना गया. बैठक की शुरुआत प्रभारी प्राचार्या रूबी बानो के स्वागत संबोधन से हुआ. उन्होंने उपस्थित अभिभावकों एवं प्रबुद्ध नागरिकों को समिति के अधिकारों, दायित्वों और भूमिका से अवगत कराते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विद्यार्थियों की शत प्रतिशत उपस्थिति और बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण में प्रबंधन समिति की सहभागिता निर्णायक होती है. नवनिर्वाचित अध्यक्ष ज्ञान्ती देवी ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी सदस्यों और शिक्षकों के सहयोग से विद्यालय के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी. उपाध्यक्ष शमशेर सिंह ने विद्यालय में शैक्षणिक माहौल, अनुशासन और विकास योजनाओं को गति देने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई. इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावक, विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे.