लातेहार। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर रविवार की शाम नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह एवं उपाध्यक्ष संतोष रंजन ने औरंगा नदी स्थित मुख्य छठ घाट का निरीक्षण किया. इस दौरान सूर्य नारायण पूजा समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने समिति की ओर से कराए जा रहे तैयारियों एवं श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की जानकारी दी. समिति अध्यक्ष ने बताया कि बाइपास चौक से राजहार और घाट तक छठ व्रतियों की सुविधा के लिए ध्वनि एवं प्रकाश की व्यवस्था की जा रही है. कई तोरणद्वार बनाये जायेगें. इसके अलावा सूर्य भगवान की प्रतिमा स्थापित कर विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नदी में अस्थायी स्नानागार का निर्माण कराया जाएगा. वहीं, वाराणसी से आए पंडितों द्वारा गंगा आरती का आयोजन भी किया जाएगा. निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह एवं उपाध्यक्ष संतोष रंजन ने तैयारियों का जायजा लिया तथा समिति की ओर से किये जा रहे कार्यों पर संतोष जाहिर किया. उन्होने कहा कि हर वर्ष श्री सूर्य नारायण पूजा समिति के द्वारा छठ व्रतियों को बेहतर सुविधायें उपलब्ध करायी जाती है. समिति का कार्य बहुत ही सराहनीय है. उन्होंने नगर पंचायत की ओर से छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं को लेकर नगर पंचायत कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.