लातेहार।पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश पर जिले में अवैध पोस्ता एवं अफीम की खेती पर पूर्णतः रोक लगाने को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में रविवार को पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश पर हेरहंज थाना क्षेत्र के सलैया पंचायत के मारी गांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. हेरहंज व बालुमाथ थाना के पुलिस पदाधिकारियों के अलावा वन विभाग कर्मी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधियों, महिलाओं एवं बच्चों ने भाग लिया. मौके पर पुलिस पदाधिकारियों ने अवैध पोस्ता और अफीम की खेती से होने वाले दुष्प्रभाव तथा इसके कानूनी परिणामों की जानकारी दी गई. पुलिस एवं वन विभाग के कर्मियों ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र में किसी भी परिस्थिति में पोस्ता अथवा अफीम की अवैध खेती नहीं करें. ऐसी खेती से न केवल व्यक्ति और परिवार पर कानूनी कार्रवाई का खतरा रहता है, बल्कि इसका व्यापक सामाजिक दुष्प्रभाव भी पड़ता है. ग्रामीणों को बताया गया कि अफीम की अवैध खेती मादक पदार्थों के प्रसार को बढ़ावा देती है, जिससे युवाओं और बच्चों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है. कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को मादक पदार्थों की खेती एवं इससे संबंधित गतिविधियों के संबंध में लागू कानूनी प्रावधानों की भी जानकारी दी गई और एनडीपीएस एक्ट धारा 47 के तहत नोटिस भी संबंधित लोगों को हस्तगत कराया गया. पुलिस पदाधिकारियों ने ग्रामीणों से कहा कि यदि कहीं भी अवैध रूप से पोस्ता या अफीम की खेती किए जाने की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके.