बरवाडीह (लातेहार)। चतरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण सिंह के स्वास्थ्य बिगड़ने की सूचना मिलने पर समाजसेवी श्यामली शर्मा ने उनसे मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य का हाल जाना. इस दौरान उन्होंने माता रानी से सांसद के शीघ्र स्वस्थ होने और दीर्घायु जीवन की कामना की. मुलाकात के दौरान श्यामली शर्मा ने सांसद कालीचरण सिंह को बरवाडीह स्थित प्राचीन पहाड़ी मंदिर में हुई चोरी की घटना से अवगत कराया. उन्होंने मंदिर से मां पार्वती के आभूषण समेत अन्य सामानों की चोरी पर चिंता जताते हुए घटना का जल्द उद्भेदन कराने की दिशा में आवश्यक पहल करने का आग्रह किया. इस पर सांसद कालीचरण सिंह ने गंभीरता दिखाते हुए कहा कि प्राचीन पहाड़ी मंदिर केवल बरवाडीह का मंदिर नहीं, बल्कि पूरे चतरा लोकसभा क्षेत्र की आस्था और ऐतिहासिक विरासत का प्रतीक है. उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि यह मंदिर उनके लिए केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि चुनाव के दौरान मिले आशीर्वाद और जनता की आस्था से जुड़ा हुआ है. सांसद ने आश्वस्त किया कि चोरी की घटना का जल्द उद्भेदन कराने के लिए लातेहार जिले के साथ-साथ संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देंगे और मामले में पूरी गंभीरता से कार्रवाई सुनिश्चित कराने का प्रयास करेंगे. सांसद के इस आश्वासन से श्यामली शर्मा ने उम्मीद जताई कि पुलिस प्रशासन जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर मंदिर के चोरी गए सामानों की बरामदगी करेगा.