लातेहार
अवैध गांजा बरामद के साथ अंतरराज्यीय गिरोह के तीन तस्कर गिरफ्तार

लातेहार। पुलिस ने अवैध 146 किलोग्राम गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है. बरामद गांजे की बाजार मूल्य लगभग 22 लाख रुपए है. दरअसल पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि जिले के चंदवा की ओर से एक सफेद रंग की होंडा सिटी कार में कुछ लोग गांजा लेकर बालूमाथ के रास्ते बिहार की ओर जा रहे हैं. इस सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बालूमाथ उमेश प्रसाद सिंह के नेतृत्व में बालूमाथ थाना पुलिस द्वारा वहां चेकिंग अभियान चलाया गया. चेकिंग के दौरान एक सफेद रंग की होंडा सिटी कार को रोका गया. तलाशी लेने पर कार से गांजा से भरे छह बोरे बरामद किए गए. इनका कुल वजन 146 किलोग्राम पाया गया. पुलिस ने गांजा एवं गांजा तस्करी में प्रयुक्त वाहन को जब्त करते हुए कार सवार तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले के रहने वाले हैं और अपने सरगना के माध्यम से ओडिशा से गांजा तस्करी कर बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचते थे. पुलिस के अनुसार आरोपी कई वर्षों से गांजा तस्करी में संलिप्त थे. गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को भी जब्त किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों में राहुल भुईसल, कलामुद्दीन उर्फ सोनू और संतोष बेहेरा (झारसुगुड़ा, ओडिशा) का नाम शामिल है. छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी उमेश प्रसाद सिंह, बालूमाथ थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा पुअनि देवेन्द्र कुमार, गौतम कुमार धीरज कुमार सिंह, मनोज कुमार, और अभिषेक कुमार सिंह के अलावा बालूमाथ थाना सशस्त्र बल शामिल है.



