हरखा गांव के सरना तालाब में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
लातेहार। पिछले दो दिनों से लापता महिला तेतरी देवी का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. महिला का शव हरखा गांव स्थित सरना तालाब से बरामद किया गया है.शव मिलने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. सूचना पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू की. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
तेतरी देवी के पुत्र ने बताया कि मंगलवार की रात खाना खा कर सभी अपने कमरे में चले गए. सुबह जब उठ कर देखा तो पाया मां का कमरे का दरवाजा खुला है और उसका कहीं आता पता नहीं है. काफी खोजबीन के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला. गुरुवार को खबर मिली कि उनकी मां का शव तालाब में पड़ा है. इसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच करते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है.