लातेहार। जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और इनमें जा रही लोगों की जान को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन गंभीर है. सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोकथाम लगाने को लेकर डीसी संदीप कुमार एवं एसपी कुमार गौरव के निर्देश पर जिले में वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में एसपी कुमार गौरव के निर्देश के बाद लातेहार जिला मुख्यालय में डीटीओ उमेश मंडल, मुख्यालय डीएसपी प्रदीप मिंज, थाना एसआई कामता कुमार एवं पुलिस बल की मौजूदगी में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया. इस दौरान दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की जांच की गई. विशेष रूप से मोटरसाइकिल चालकों की शराब पीकर वाहन चलाने की जांच ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से की गई. अभियान के दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक भी किया गया. अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की कि चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें. दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट जरूर पहनें और किसी भी परिस्थिति में शराब पीकर वाहन न चलाएं. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की जान सुरक्षित रखने के लिए करें. थोड़ी सी लापरवाही पूरे परिवार की खुशियां छीन सकती है. सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता और नियमों का पालन ही दुर्घटनाओं को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है.