IMG-20261013-WA0012
Untitled-1 copy
latehar-tuiris
RPDD new
dps 1 b
carnival 1
alisha 4 6
lps
झारखंडमहुआडांड़

खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, कई प्रतिष्ठानों से एक्सपायरी खाद्य सामग्री जब्त

महुआडांड़ व गारू प्रखंड के मिठाई दुकानों, होटलों और किराना प्रतिष्ठानों में हुई जांच, आम पाउडर, मसाले और खाद्य पदार्थों में मिलावट की भी जांच

महुआडांड़ (लातेहार)। आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए आम लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को महुआडांड़ एवं गारू प्रखंड के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में सघन जांच अभियान चलाया। यह अभियान स्वास्थ्य विभाग, झारखंड सरकार के अपर मुख्य सचिव-सह-खाद्य सुरक्षा आयुक्त तथा लातेहार उपायुक्त संदीप कुमार के निर्देशानुसार और अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राज मोहन खलखो के मार्गदर्शन में चलाया गया। जांच अभियान के दौरान टीम ने मिठाई दुकानों, होटलों, किराना दुकानों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में उपलब्ध खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, एक्सपायरी तिथि तथा मिलावट की संभावनाओं की बारीकी से जांच की। इस दौरान महुआडांड़ में स्वीटर्स पैलेस, सोनी स्वीट्स, संजीव होटल, पूनम मिष्ठान भंडार, स्वीटी विद्या भोजनालय, मां मिष्ठान भंडार, बिरेंद्र प्रसाद होटल, राज होटल, गुप्ता स्वीट्स और कामधेनु होटल सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों की जांच की गई।

कई प्रतिष्ठानों में मिली एक्सपायरी खाद्य सामग्री

जांच के दौरान रोहित होटल से दस लीटर मैंगो जूस एवं तीन लीटर एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक बरामद की गई। इसके साथ ही हल्दी पाउडर में मिलावट की जांच भी की गई। राहुल कुमार किराना स्टोर से 20 पैकेट मिक्स मसाला, 10 पैकेट धनिया पाउडर एवं 10 पैकेट हल्दी पाउडर एक्सपायरी पाए गए। वहीं, अपना फास्ट फूड प्रतिष्ठान से लगभग 12 लीटर एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक बरामद की गई। इसके अलावा विभिन्न प्रतिष्ठानों में दूध से बने खाद्य पदार्थों, जैसे छेना, खोवा एवं पनीर की भी जांच की गई। इन खाद्य पदार्थों में स्टार्च की मिलावट की जांच मौके पर ही की गई। जांच के दौरान एक्सपायरी एवं मिलावट की आशंका वाले खाद्य पदार्थों को जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। साथ ही संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों को भविष्य में इस तरह की लापरवाही नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई।

खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे

अभियान के दौरान अन्नवी होटल एवं राजू मिष्ठान भंडार से खाद्य पदार्थों के सर्विलांस नमूने एकत्र किए गए। इन नमूनों को राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला, नामकुम भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सभी खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा एक्सपायरी सामग्री की बिक्री नहीं करने का निर्देश दिया। साथ ही खाद्य पदार्थों में केवल एफएसएसएआई (FSSAI) मानकों के अनुरूप स्वीकृत खाद्य रंगों एवं खाद्य योजकों का इस्तेमाल करने और अनावश्यक रंगों के प्रयोग से बचने को कहा गया।

नियमों का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई

निरीक्षण के दौरान कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम तथा इसके अंतर्गत लागू नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने का निर्देश दिया गया। विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के मद्देनजर जिले में इस तरह का जांच अभियान लगातार चलाया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य मिलावटी, दूषित एवं एक्सपायरी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाना और आम लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इस अभियान में जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अमन गुप्ता, सरिता जेराई तथा विभागीय कर्मी शहनाज खातून सहित अन्य कर्मी मौजूद थे। खाद्य सुरक्षा विभाग ने दुकानदारों से अपील की कि वे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें, ताकि त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।

Md Ali Raja

संवाददाता, महुआडांड, लातेहार

Md Ali Raja

संवाददाता, महुआडांड, लातेहार

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!