लातेहार। जिला मुख्यालय से सटे सरयु प्रखंड मुख्यालय में बुधवार को सरयु प्रखंड कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध मार्च निकालकर पुतला दहन किया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व सरजू प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष मो अख्तर हुसैन ने किया. इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने शामिल होकर अपना विरोध दर्ज कराया. विरोध मार्च की शुरुआत सरजू प्रखंड कार्यालय परिसर से हुई. यहां से कांग्रेस कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए सरयु बाजार स्थित नीलांबर-पीतांबर चौक पहुंचे. इस दौरान पूरा क्षेत्र ‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’, ‘ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हल्ला बोल’ सहित विभिन्न विरोधी नारों से गूंज उठा. नीलांबर-पीतांबर चौक पहुंचने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर आक्रोश व्यक्त किया. कार्यक्रम में सरयु प्रखंड प्रभारी सह पूर्व जिला परिषद सदस्य सुखदेव उरांव ने कहा कि एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के नाम पर आम नागरिकों को अनावश्यक परेशान किया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया से आम मतदाताओं, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. श्री उरांव ने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक ताकत जनता और उसे मतदान का अधिकार है. किसी भी परिस्थिति में पात्र मतदाताओं को उनके संवैधानिक अधिकारों से वंचित नहीं किया जाना चाहिए. कांग्रेस पार्टी आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी. प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष मो अख्तर हुसैन ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर आयोजित यह विरोध प्रदर्शन लोकतंत्र और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के प्रति कांग्रेस की प्रतिबद्धता को दर्शाता है. कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि सुनील प्रसाद, प्रखंड प्रमुख अमिता देवी, चौरहा पंचायत की मुखिया अंकिता देवी, युवा कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मो असगर हुसैन, बीस सूत्री अध्यक्ष उमेश प्रसाद, प्रखंड महासचिव शौकत अली, गंगेश्वर उरांव, रामसुंदर, संगठन प्रभारी साबिर हुसैन, कलाम, रकीम, कबरी के प्रधान रामावतार नायक आदि मौजूद थे.