लातेहार
डीएवी पब्लिक स्कूल के छात्रों ने छठ घाट पर चलाया स्वच्छता अभियान
श्रमदान से दिया सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश


लातेहार। लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर डीएवी पब्लिक स्कूल, लातेहार के छात्रों ने चाणक्य नगरी स्थित श्री सूर्य नारायण पूजा समिति के छठ घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर सामाजिक सहभागिता और श्रमदान का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया. विद्यालय के शिक्षक प्रभारी प्रभात रंजन, सूरज कुमार मिश्रा एवं राकेश रंजन तिवारी के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने घाट परिसर, पूजा वेदी तथा आसपास के संपर्क मार्गों की साफ-सफाई की. इस दौरान प्लास्टिक, सूखे पत्तों एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों को एकत्र कर गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग किया गया.
स्वच्छता कार्य के दौरान विद्यार्थियों ने मास्क, दस्ताने एवं हेड कैप सहित आवश्यक सुरक्षा उपायों का भी पालन किया. प्राचार्य घनश्याम कुमार सहाय ने कहा कि छठ महापर्व प्रकृति, पर्यावरण और पवित्रता के प्रति हमारी आस्था एवं सम्मान का प्रतीक है. छात्रों को ऐसे सामाजिक कार्यों से जोड़ना उनके व्यक्तित्व में सेवा, अनुशासन, संवेदनशीलता और सामुदायिक उत्तरदायित्व जैसे मूल्यों को विकसित करने की सार्थक पहल है. अभियान के दौरान श्री सूर्यनारायण पूजा समिति, चाणक्य नगरी के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, मंत्री कौशल किशोर राज एवं मीडिया प्रभारी गौतम राज उपस्थित थे. कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक प्रभात रंजन, राकेश रंजन तिवारी, सूरज कुमार मिश्रा, अजीत कुमार, सुप्रिया मिश्रा, कुणाल कुमार एवं आलोक कुमार का सक्रिय योगदान रहा. 