महुआडांड़ (लातेहार)। संत जोसेफ हाई स्कूल, महुआडांड़ में आयोजित होने वाले 55वें चक्रव्यूह अंतर विद्यालय खेल प्रतियोगिता की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. 13 से 15 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय खेल महोत्सव में विभिन्न जिलों की 52 टीमें हिस्सा लेंगी. प्रतियोगिता में कुल 374 खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन करेंगे. 13 नवंबर को उद्घाटन समारोह के साथ प्रतियोगिता का विधिवत आगाज होगा. उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि लोहरदगा के सांसद सुखदेव भगत होंगे. इस दौरान स्वागत नृत्य, मार्च-पास्ट और करीब 2500 छात्र-छात्राओं द्वारा सामूहिक लोकनृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी जाएगी. 14 नवंबर को प्रतियोगिता के दूसरे दिन मुख्य अतिथि के रूप में जेएपी-2 के कमांडेंट आइपीएस सरोजनी लकङा की उपस्थिति प्रस्तावित है. 15 नवंबर को समापन समारोह आयोजित किया जाएगा. इसके मुख्य अतिथि वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर सचिव दिलीप तिर्की होंगे. समापन समारोह में करमा नृत्य, सामूहिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और विद्यार्थियों की आकर्षक ड्रिल प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी. इस खेल महोत्सव में पलामू, गुमला, हजारीबाग, रांची, लातेहार, गढ़वा सहित विभिन्न जिलों की टीमें भाग लेंगी.