लातेहार। जिले के चंदवा में झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता सौरभ श्रीवास्तव के प्रतिष्ठान में चित्रगुप्त पूजा महोत्सव का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद वैद्यनाथ राम समेत कई लोगों ने भाग लिया. कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधानपूर्वक भगवान चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना से की गयी. इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया. संध्या बेला में रांची से आए कलाकारों ने भक्ति संगीत की शानदार प्रस्तुतियां दीं. कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुति से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया. इस अवसर पर मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद वैद्यनाथ राम ने कहा कि मां उग्रतारा की आध्यात्मिक नगरी चंदवा में भगवान चित्रगुप्त की पूजा का भव्य आयोजन अत्यंत सराहनीय है. भगवान चित्रगुप्त समस्त प्राणियों के कर्मों का लेखा-जोखा रखने वाले देवता हैं. उन्होंने भगवान चित्रगुप्त से क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने तथा चंदवा को विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ाने की कामना की. सौरभ श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों, श्रद्धालुओं और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखने के साथ-साथ सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं. मौके पर अनीशा शर्मा, दीपु कुमार सिन्हा, राजेंद्र यादव, अजय बैद्य, पप्पू वजाद, सत्येंद्र यादव, झामुमो जिला कोषाध्यक्ष मनोज यादव, भाजपा नेता प्रदीप यादव, सामाजिक कार्यकर्ता शशिकांत मिश्रा, अभ्यास एकेडमी के संचालक प्रशांत सिंह, व्यवसायी सत्यवान सिंह एवं संतोष सिंह, राजद जिला अध्यक्ष रामप्रवेश यादव तथा छोटानागपुर बॉक्साइट खनिज मजदूर संघ के अध्यक्ष चंद्र यादव आदि मौजूद थे.