लेप्रोसी रोगी खोज अभियान के क्रियान्वयन को लेकर उपायुक्त ने की समीक्षा
09 से 23 दिसंबर तक जिले में चलेगा लेप्रोसी रोगी खोज अभियान का प्रथम चक्र
उपायुक्त ने कहा कुष्ठ रोग से डरें नहीं, समय पर जांच और उपचार से संभव है पूरी तरह इलाज
लातेहार। उपायुक्त शसंदीप कुमार की अध्यक्षता में लेप्रोसी रोगी खोज अभियान 2025-26 (प्रथम चक्र) के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई.बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में लेप्रोसी रोगी खोज अभियान का प्रथम चक्र दिनांक 09 से 23 दिसंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा. अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा जिले के सभी गांवों में घर-घर जाकर संभावित कुष्ठ रोगियों की पहचान एवं जांच की जाएगी। अभियान के सफल संचालन के लिए कुल 1176 टीमों का गठन किया गया है. प्रत्येक टीम में एक पुरुष एवं एक महिला सदस्य शामिल रहेंगे. महिलाओं की स्वास्थ्य जांच टीम की महिला सदस्य द्वारा तथा पुरुष सदस्यों की जांच प्रशिक्षित पुरुष स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा की जाएगी. अभियान की प्रभावी निगरानी एवं संचालन के लिए कुल 152 सुपरवाइजर भी प्रतिनियुक्त किए गए हैं.उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले में लेप्रोसी रोग के संभावित मरीजों की पहचान एवं उपचार सुनिश्चित करने के लिए अभियान को पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ संचालित किया जाए.उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है प्रत्येक स्वास्थ्यकर्मी व संबंधित विभागीय कर्मी जिम्मेदारी के साथ इस अभियान में भाग लेते हुए जिले के प्रत्येक गांव एवं घर तक अभियान की पहुंच सुनिश्चित करें। कोई भी संभावित मरीज जांच से वंचित नहीं रहे, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें. उन्होंने आमजनों से भी अपील की कि स्वास्थ्य विभाग की सर्वेक्षण टीम को आवश्यक सहयोग प्रदान करें तथा जांच के दौरान पूरी जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि कुष्ठ रोग की समय पर पहचान कर मरीजों को समुचित उपचार उपलब्ध कराया जा सके. उन्होंने बताया कि कुष्ठ रोग के प्रति जागरूकता और समय पर पहचान ही इस बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है. चमड़ी पर दाग-धब्बे या हाथ-पैर में झनझनाहट जैसे लक्षण दिखाई देने पर उन्हें नजरअंदाज न करें, बल्कि तुरंत स्वास्थ्यकर्मियों से जांच कराएं. कहा कि हमारा संदेश है ‘चमड़ी के दाग एवं हाथ-पैर की झनझिनी दिखाते चलो, लेप्रोसी की शंका मिटाते चलो. कुष्ठ रोग की समय पर पहचान और नियमित उपचार से मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो सकते हैं. इस बीमारी को लेकर किसी तरह का सामाजिक भेदभाव या संकोच नहीं होना चाहिए. बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी, उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद, अपर समाहर्ता सलमान जफर खिजरी, उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की, सिविल सर्जन डॉ राज मोहन खलखो, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ शोभना टोप्पो, अन्य संबंधित पदाधिकारी, चिकित्सक, डीपीएम, एमओआईसी, एवं कर्मी उपस्थित थे.