लातेहार। पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश पर जिले के बारियातू थाना क्षेत्र में अवैध पोस्ता (अफीम) की खेती रोकने को लेकर विशेष अभियान चलाया गया. थाना पुलिस ने शिबला पंचायत के ग्राम नवाडीह एवं बाराखाड के वन क्षेत्रों में बीते वर्ष अवैध पोस्ता खेती वाले क्षेत्रों का भौतिक सत्यापन किया. इसका उद्देश्य इस वर्ष किसी भी प्रकार की अवैध खेती को समय रहते रोकना है. सत्यापन के दौरान पुलिस टीम ने दोनों गांवों के ग्रामीणों के साथ संवाद किया. ग्रामीणों को अवैध अफीम व पोस्ता की खेती के कानूनी दंड, समाज और पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई. पुलिस ने ग्रामीणों से ऐसी खेती से दूर रहने की अपील की. ग्रामीणों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और आर्थिक नुकसान के बारे में बताया गया. इसके अलावा यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन चलाने के लिए प्रेरित किया गया. किसी भी आपातकालीन स्थिति में त्वरित पुलिस सहायता के लिए डायल-112 के उपयोग की जानकारी दी गई. ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराध से बचाव के तरीकों के प्रति ग्रामीणों को सतर्क किया गया. समाज से अंधविश्वास जैसी कुरीतियों को समाप्त कर वैज्ञानिक सोच अपनाने का संदेश दिया गया. पुलिस ने कहा कि अवैध पोस्ता खेती के खिलाफ आगे भी इसी तरह सत्यापन और जागरूकता अभियान जारी रहेगा.