लातेहार। भगवान बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर ग्रामीण एवं स्वदेशी जनजातीय खेल प्रतियोगिता पखवाड़ा दिवस 2026 के तहत जिला खेल स्टेडियम, लातेहार में विभिन्न पारंपरिक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. इस अवसर पर उपायुक्त संदीप कुमार ने जिला खेल स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों एवं प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया. उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक परंपराओं को संरक्षित रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. ग्रामीण एवं जनजातीय खेल हमारी पहचान हैं. ऐसे आयोजनों से स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है. इस दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. प्रतियोगिताओं में गुलेल, गेड़ी दौड़, मटका दौड़, मार दौड़ एवं तीरंदाजी सहित विभिन्न पारंपरिक खेल शामिल रहे. कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. मौके पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चन्दन,जिला खेल पदाधिकारी अभिनेष कुमार त्रिपाठी, कोच प्रवीण मिश्रा समेंत खेल विभाग के अन्य प्रशिक्षक व कर्मी उपस्थित थें.