लातेहार। झारखंड में ,एसआईआर को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. कांग्रेस के ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत आयोजित हो रही चौपालों पर लातेहार के विधायक प्रकाश राम ने तीखा हमला बोला है. उन्होंने कांग्रेस की राजनीतिक कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए विवादित टिप्पणी की और कहा कि कांग्रेस ‘दो मुंह वाला सांप’ है, जो छह महीने इधर और छह महीने उधर रहती है.
शुक्रवार को लातेहार परिसदन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान विधायक प्रकाश राम ने कहा कि कांग्रेस के राजनीतिक चरित्र से पूरा देश परिचित है. उन्होंने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) की प्रक्रिया का समर्थन करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य मतदाता सूची में मौजूद त्रुटियों को दूर करना और पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करना है. ऐसे में इस प्रक्रिया को लेकर हाय-तौबा मचाने का कोई औचित्य नहीं है.उन्होंने कहा कि देश की जनता कांग्रेस की राजनीतिक कार्यशैली को समझ चुकी है और आने वाले समय में पार्टी की स्थिति और खराब होगी. जब विधायक से सवाल किया गया कि कांग्रेस केंद्र सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं को अपने फायदे के लिए कठपुतली की तरह इस्तेमाल करने का आरोप लगा रही है, तो उन्होंने कांग्रेस पर ही पलटवार किया. प्रकाश राम ने कहा कि कांग्रेस आज संवैधानिक संस्थाओं को लेकर सवाल उठा रही है, लेकिन उसे अपने शासनकाल का इतिहास भी देखना चाहिए. उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय भी देश की जनता को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा था. बातचीत के दौरान विधायक प्रकाश राम ने कहा कि मामले की जांच सीबीआई कर रही है. उन्होंने घटना को दुखद बताते हुए कहा कि जिन लोगों ने निशा भगत को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया है, उनकी भूमिका भी जांच में स्पष्ट होगी.