लातेहार। उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला समन्वय समिति की बैठक का आयोजन किया गया. बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति, उनके क्रियान्वयन की वर्तमान स्थिति तथा कार्य निष्पादन में आ रही समस्याओं की विस्तृत समीक्षा की गई. बैठक में उपायुक्त ने पूर्व के बैठक में दिए गए निर्देशों के आलोक में हुए कार्यों की समीक्षा के क्रम में मुख्यमंत्री अस्पताल संचालन एवं रख-रखाव योजना के अंतर्गत स्वास्थ्य उपकेंद्र/आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में कराए गए कार्य एवं क्रय की गई सामग्रियों में पीडब्ल्यूडी कोड का अनुपालन , झारखंड प्रोक्योरमेंट मैनुअल के अनुपालन, क्रय सामग्री की दरों एवं उपलब्धता आदि बिंदुओं पर मांगी गई जांच प्रतिवेदन की समीक्षा में बारियातू, चंदवा, हेरहंज, लातेहार एवं सरयू प्रखंडों से प्रतिवेदन अप्राप्त पाया गया. उपायुक्त ने संबंधित प्रखंडों के वरीय पदाधिकारियों से प्रतिवेदन प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. शिक्षा विभाग की समीक्षा के क्रम में प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना की समीक्षा के दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कक्षा 1 से 10 तक के विद्यार्थियों के ई-कल्याण पोर्टल पर डेटा ऑनलाइन करने की प्रगति पर चर्चा की गई. जिले में कुल 1,15,103 विद्यार्थियों के लक्ष्य के विरुद्ध 73,660 विद्यार्थियों का डेटा एंट्री कार्य पूर्ण पाया गया, जबकि 41,443 विद्यार्थियों का डेटा लंबित है. उपायुक्त ने शेष डेटा एंट्री कार्य को शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया. पीवीटीजी से संबंधित योजनाओं की समीक्षा में आदिम जनजाति परिवारों की डाकिया योजना के तहत प्राप्त आवेदनों एवं लाभुकों की स्थिति की जानकारी ली गई. अधिकारियों को पात्र लाभुकों को योजना का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए. मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की भी समीक्षा की गई.जिले में कुल 110 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 59 अनुसूचित जाति, 29 अनुसूचित जनजाति एवं 22 पिछड़ा वर्ग के आवेदन शामिल हैं. उपायुक्त ने पात्र आवेदनों का आवश्यक प्रक्रिया के तहत शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा. बैठक में साइकिल वितरण योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए बताया गया कि जिले में कुल 13,038 स्वीकृत साइकिलों के विरुद्ध 11,979 साइकिलों का वितरण किया जा चुका है. जबकि 1,059 साइकिलों का वितरण शेष है। उपायुक्त ने शेष साइकिलों का वितरण 30 अगस्त तक पूरा कराने का निर्देश दिया. बैठक में जिला ग्रामीण विकास शाखा, आई०टी०डी०ए०, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व शाखा, कृषि, शिक्षा विभाग, समाज कल्याण, सामाजिक सुरक्षा, आपूर्ति, पशुपालन, मत्स्य, सहकारिता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमण्डल, विद्युत विभाग, भवन प्रमण्डल, पथ प्रमण्डल, लघु सिंचाई प्रमण्डल समेत अन्य विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई और लक्ष्य के विरुद्ध उपलब्धियों की जानकारी लेते हुए उपायुक्त ने निर्देशित करते हुए कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ सभी योग्य लाभुकों तक ससमय पहुंचे इसे सुनिश्चित करें. बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रवेश अग्रवाल, उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद, आईटीडीए निदेशक सरोजिनी तिर्की, अपर समाहर्ता सलमान जफर खिजरी, डीएलओ प्रभात कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार दिनेश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी महुआडांड़ सुलेमान मुण्डरी, सिविल सर्जन डॉ राजमोहन खलखो, उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, एवं अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी उपस्थित थे.