बालूमाथ (लातेहार)। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड के मगध संघमित्रा क्षेत्र में प्रशासनिक स्तर पर किए गए बदलाव के तहत नए महाप्रबंधक के रूप में प्रतिनियुक्त अतिश दिवाकर ने शुक्रवार को मगध संघमित्रा क्षेत्र के महाप्रबंधक के रूप में अपना पदभार ग्रहण कर लिया. उन्होंने निःवर्तमान महाप्रबंधक राजीव कुमार से पदभार लिया. सीसीएल मुख्यालय के द्वारा महाप्रबंधक राजीव कुमार का तबादला कथारा क्षेत्र में किया गया है. नव पदस्थापित महाप्रबंधक ने आपसी समन्वय और सहयोग से मगध संघमित्रा क्षेत्र के लिए निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने की उम्मीद जताई है. ज्ञात हो कि कि मगध संघमित्रा क्षेत्र सीसीएल की महत्वपूर्ण कोयला परियोजनाओं में शामिल है. सीसीएल के कुल वार्षिक लक्ष्य का एक चौथाई कोयला उत्पादन का भार मगध संघमित्रा क्षेत्र पर आधारित है. क्षेत्र में कोयला उत्पादन, परिवहन, खनन गतिविधियों के विस्तार के साथ साथ स्थानीय ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न संगठनों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखना प्रबंधन के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है. इसके अलावा क्षेत्र में रोजगार, विस्थापन, प्रदूषण नियंत्रण, सड़क सुरक्षा और स्थानीय सुविधाओं से जुड़े मुद्दे भी लगातार चर्चा में रहते हैं. ऐसे में नए महाप्रबंधक अतिश दिवाकर के सामने उत्पादन एवं विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ स्थानीय समस्याओं के समाधान और प्रबंधन तथा ग्रामीणों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने की चुनौती भी रहेगी.